Ranchi: राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में मंगलवार से तीन दिवसीय राजकीय कृषि मेले का आयोजन होने जा रहा है. मेले का उद्घाटन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे. मेले के शुभारंभ से एक दिन पूर्व सोमवार को राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.
किसानों के लिए नई तकनीक और आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन
स्थल निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राजकीय कृषि मेले का आयोजन किया जा रहा है. इस मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक खेती की नई विधियों से अवगत कराना है.
देशभर के विशेषज्ञ और वैज्ञानिक होंगे शामिल
मंत्री ने बताया कि मेले में विभिन्न राज्यों से आधुनिक कृषि उपकरणों के प्रदर्शक, कृषि विशेषज्ञ और वैज्ञानिक भाग लेंगे. किसानों को नई तकनीकों, कम लागत में अधिक उत्पादन और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी दी जाएगी.
राज्यभर से किसानों के पहुंचने की उम्मीद
कृषि मंत्री ने उम्मीद जताई कि झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान इस मेले में शामिल होंगे और इसका लाभ उठाएंगे. उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा.
तैयारियों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मेले में लगाए जा रहे स्टॉल, प्रदर्शनी क्षेत्र, किसानों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का भी अवलोकन किया. अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए ताकि मेले में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.



