Giridih: जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेंगाबाद प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की. प्रशासन की टीम ने मोतीलेदा बालू घाट पर छापेमारी कर अवैध रूप से बालू ले जा रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया. हालांकि, कार्रवाई के दौरान चालक ने ट्रैक्टर लेकर भागने का प्रयास किया, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया.
जानकारी के अनुसार, बेंगाबाद अंचल अधिकारी सफी आलम के नेतृत्व में मोतीलेदा बालू घाट पर अभियान चलाया गया. इस दौरान अवैध बालू परिवहन करते एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया. जब्त वाहन को थाना ले जाने के लिए एक चौकीदार को निगरानी के लिए ट्रैक्टर पर बैठाया गया था.

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई
इसी बीच चालक ने अचानक ट्रैक्टर को तेज गति से भगाने की कोशिश की. भागने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेलोनारी गांव के पास ट्रैक्टर सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गया. हादसे में चालक और ट्रैक्टर पर मौजूद चौकीदार सुरक्षित बच गए. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं, प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ: पासिंग आउट परेड : हर परिस्थिति से निपटने के लिये तैयार है पुलिसकर्मी : प्रिया दूबे


