Ranchi: झारखंड के होनहार छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट और मुफ्त आवासीय शिक्षा देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा अवसर प्रदान किया है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश पर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
इसके तहत नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तर्ज पर संथाल परगना प्रमंडल (दुमका), कोल्हान प्रमंडल (चाईबासा) के आवासीय बालक विद्यालयों और इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय (हजारीबाग) में एडमिशन के लिए प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दी गई है. इन प्रतिष्ठित विद्यालयों में चयन पूरी तरह से लिखित परीक्षा की मेरिट के आधार पर होगा.

एडमिशन के लिए जरूरी योग्यता और शर्तें
• स्थानीय निवासी: अभ्यर्थी का झारखंड राज्य का मूल या स्थानीय निवासी होना अनिवार्य है.
• उम्र सीमा: 01 अगस्त 2026 को छात्र-छात्रा की उम्र 10 वर्ष से कम और 12 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए.
• शैक्षणिक योग्यता: अभ्यर्थी किसी भी सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूल से 5वीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुका हो और वर्तमान में छठी कक्षा में पढ़ रहा हो.
• आरक्षण: आरक्षित वर्ग के छात्रों को अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण-पत्र जमा करना होगा.
परीक्षा पैटर्न और आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
प्रवेश परीक्षा ओएमआर शीट पर आधारित होगी, जिसमें सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ और बहुविकल्पीय होंगे. परीक्षा दो पालियों में (प्रत्येक पाली 2:30 घंटे की) आयोजित की जाएगी.
इसमें गणित (50 अंक), सामाजिक अध्ययन व विज्ञान (50 अंक), भाषा (50 अंक) और मानसिक योग्यता (50 अंक) से सवाल पूछे जाएंगे. प्रत्येक विद्यालय के लिए 100 सीटें निर्धारित हैं.
• ऑनलाइन आवेदन की अवधि: 16 मई से 12 जून 2026 तक
• स्कूल प्रधान से सत्यापित कराकर डीईओ कार्यालय में जमा करने की तिथि: 17 मई से 13 जून 2026 तक
• जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा ऑनलाइन अप्रूवल की तिथि: 17 मई से 15 जून तक
• आवेदन पूरी तरह से ऑनलाइन भरा जाएगा.
