Koderma: यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और स्टेशनों पर सुरक्षा के साथ स्वच्छता को और बेहतर बनाने के मकसद से धनबाद मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक मुकेश कुमार ने बुधवार को कोडरमा और पारसनाथ रेलवे स्टेशनों का दौरा किया. उनके साथ मंडल का सर्विस इम्प्रूवमेंट ग्रुप भी मौजूद था. निरीक्षण के दौरान ADRM ने दोनों स्टेशनों पर यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को बारीकी से देखा. प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पीने का पानी, शौचालय, उद्घोषणा प्रणाली, लाइटिंग और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया. साथ ही टिकट काउंटर, सुरक्षा इंतजाम और अन्य आधारभूत संरचनाओं की भी जांच की.
ADRM ने किया धनबाद-कोडरमा-धनबाद रेलखंड का फुटप्लेट निरीक्षण
इस मौके पर ADRM मुकेश कुमार ने रेल अधिकारियों को साफ तौर पर कहा, कि यात्री सुविधाएं हमारी पहली प्राथमिकता हैं. उन्होंने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और ट्रेनों के सुचारू संचालन को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए. स्टेशन निरीक्षण के बाद ADRM ने धनबाद-कोडरमा-धनबाद रेलखंड का फुटप्लेट निरीक्षण भी किया. इस दौरान ट्रैक की स्थिति, रेल परिचालन और संरक्षा से जुड़े बिंदुओं का भी अवलोकन किया गया. निरीक्षण के दौरान धनबाद मंडल के कई अधिकारी और कर्मचारी भी उनके साथ मौजूद थे. यह जानकारी धनबाद मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने दी.
यह भी पढ़ें: रांची के हर वार्ड में बनेगा ओपन जिम, एयरपोर्ट कॉलोनी से योजना की शुरुआत
