Giridih: गिरिडीह जिले के गांवा प्रखंड अंतर्गत गुमगी स्थित सिंघो पंचायत में आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक असहाय परिवार की मदद के लिए गिरिडीह जिला साउंड एसोसिएशन ने मानवीय पहल करते हुए सहायता का हाथ बढ़ाया. News Wave में परिवार की बदहाली की खबर प्रकाशित होने के बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिवार की स्थिति का जायजा लिया और तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई.

परिवार को उपलब्ध कराया गया तीन से चार महीने का राशन
एसोसिएशन की ओर से परिवार को लगभग तीन से चार महीने तक चलने वाला राशन उपलब्ध कराया गया, जिसमें आटा, चावल, दाल, तेल, आलू, प्याज, नमक, साबुन समेत अन्य जरूरी सामग्री शामिल है. इसके अलावा जिला साउंड एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष रामजी प्रसाद यादव ने अपने निजी कोष से परिवार को 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की.
जरूरतमंद लोगों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी
मौके पर जिला अध्यक्ष रामजी प्रसाद यादव ने कहा कि एक ओर शहरों की चकाचौंध और विकास की बड़ी-बड़ी बातें होती हैं, वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर ऐसे परिवार हैं जो आर्थिक अभाव में भूखे पेट सोने को मजबूर हैं. उन्होंने कहा कि परिवार के छोटे-छोटे बच्चों की स्थिति देखकर मन बेहद व्यथित हो जाता है. समाज के अंतिम पायदान पर जीवन यापन कर रहे जरूरतमंद लोगों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है.
उन्होंने प्रशासन से अपील करते हुए कहा, कि ऐसे गरीब और असहाय परिवारों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ठोस पहल की जानी चाहिए, ताकि कोई भी परिवार भूख और अभाव में जीवन बिताने को मजबूर न हो. इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष सुरेश सिंह, संजय सिंह, जमुआ संयोजक किशोर कुमार वर्मा, गांडेय संयोजक बिनोद दास, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता गुरुदेव कुमार एवं कुलदीप समेत कई लोग मौजूद रहे. सहायता मिलने के बाद परिवार के सदस्यों ने जिला साउंड एसोसिएशन और न्यूज वैभ के प्रति आभार व्यक्त किया.
