Ranchi: झारखंड में जनसंख्या वृद्धि और संथाल परगना में कथित बांग्लादेशी घुसपैठ को लेकर सियासत तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी द्वारा लगातार उठाए जा रहे इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तीखा पलटवार करते हुए भाजपा पर लोगों को भ्रमित करने और समाज में डर का माहौल बनाने का आरोप लगाया है. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि भाजपा जिस तरह से संथाल परगना को लेकर बयानबाजी कर रही है, वह पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है और सच्चाई से परे है. उन्होंने कहा कि राज्य में अप्रत्याशित जनसंख्या वृद्धि और बांग्लादेशी घुसपैठ की बातें भाजपा द्वारा फैलाई जा रही हैं ताकि लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाया जा सके.

यह भी पढ़ें: चिंता का विषय: गुमशुदगी एवं अपहरण से जुड़े मामले में लगातार बढ़ रहा राजधानी रांची का आंकड़ा
केंद्र सरकार क्यों नहीं कर रही कार्रवाई?: हेमंत सोरेन
हेमन्त सोरेन ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर भाजपा को वास्तव में लगता है कि बांग्लादेशी घुसपैठ हो रही है, तो केंद्र में उनकी सरकार होने के बावजूद इस दिशा में कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है. उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा, विदेशी नागरिकों की पहचान और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषय केंद्र सरकार के अधीन आते हैं. ऐसे में केवल बयानबाजी कर जनता को डराने का प्रयास करना उचित नहीं है. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के सभी विभागों की लगातार समीक्षा कर रही है. जहां कहीं भी प्रशासनिक या योजनागत कमियां नजर आ रही हैं, वहां सुधार की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल राजनीतिक जवाब देना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर विकास सुनिश्चित करना है.
हर व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार का लक्ष्य है कि हर वर्ग, हर गांव, हर कस्बे और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे. शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई, सड़क और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं को मजबूती से लागू करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का मुख्य लक्ष्य राज्य के लोगों का विकास और सम्मान है. इसी सोच के साथ सरकार निरंतर मेहनत कर रही है ताकि झारखंड विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे और यहां के लोगों को बेहतर जीवन मिल सके.
