Ranchi: आजसू पार्टी की विधानसभा स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक रविवार को तमाड़ में आयोजित की गई. बैठक में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इस दौरान उन्होंने बीएलओ-2, युवा आजसू, महिला पंचायत प्रभारियों, बुद्धिजीवी मंच तथा पार्टी के वरीय कार्यकर्ताओं के साथ संयुक्त बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की. बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक ताकत और रीढ़ होते हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने में सक्षम होता है. सुदेश महतो ने कहा कि वर्तमान समय में आम जनता कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है. पेयजल संकट, शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियां, जमीन संबंधी त्रुटियां तथा अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं को गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों के बीच सक्रिय भूमिका निभानी होगी. जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पार्टी का संघर्ष और अधिक तेज तथा प्रभावी होना चाहिए..
यह भी पढ़ें: रांची में भारी बारिश: राज अस्पताल के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग के गड्ढे में गिरे कई वाहन
बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
उन्होंने बीएलओ-2 के सदस्यों को संगठन विस्तार में विशेष जिम्मेदारी निभाने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पंचायत और बूथ स्तर पर नए लोगों को जोड़कर पार्टी की पहुंच को और मजबूत बनाया जाए. बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया. इस अवसर पर 22 जून को मनाए जाने वाले आजसू पार्टी के स्थापना दिवस की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई. स्थापना दिवस को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं. कार्यक्रमों की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान तथा संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए. बैठक में वरीय उपाध्यक्ष राजकिशोर कुशवाहा, केंद्रीय समिति के सदस्यगण, पंचायत प्रभारी, गांव प्रभारी, युवा आजसू के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: पत्नी से विवाद के बाद होमगार्ड जवान ने नदी में लगाई छलांग, पुलिस ने बचाई जान


