Newswave Desk: 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई अक्षय कुमार की कॉमेडी-एक्शन ड्रामा फिल्म ‘Welcome to the Jungle’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. अहमद खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म का पेड प्रिव्यू 25 जून को रखा गया था. अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, दिशा पाटनी समेत कई सितारों से सजी इस मल्टीस्टारर फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. आइए जानते हैं कि रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार को फिल्म ने कितना कलेक्शन किया.
फिल्म ने पेड प्रिव्यू में 3.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जिससे साफ हो गया था कि यह बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत करने वाली है. पहले दिन फिल्म ने 15.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर 20 करोड़ रुपये पहुंच गई. वहीं, सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक तीसरे दिन यानी रविवार को फिल्म ने 24.75 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की. इसके साथ ही फिल्म का तीन दिनों का कुल नेट कलेक्शन 63.75 करोड़ रुपये हो गया है.

‘वेलकम टू द जंगल’ बनी साल की छठी सबसे बड़ी फिल्म
रिलीज के तीसरे दिन की शानदार कमाई के साथ ‘वेलकम टू द जंगल’ ने बॉक्स ऑफिस पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. 63.75 करोड़ रुपये की कुल नेट कमाई के साथ यह 2026 की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में शामिल हो गई है. फिल्म ने ‘है जवानी तो इश्क होना है’ के 61.78 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है.
2026 की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड वाली फिल्म
63.75 करोड़ रुपये के ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन के साथ ‘वेलकम टू द जंगल’ 2026 की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है. हालांकि, यह अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ के ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन को पीछे नहीं छोड़ सकी, जिसके चलते तीसरे स्थान पर जगह बनाने से चूक गई. अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वीकडेज में भी फिल्म अपनी कमाई की रफ्तार बरकरार रख पाती है या नहीं.
ALSO READ: प्रशासनिक उपेक्षा या IAS का ईगो वॉर, झारखंड में IFS क्यों सिमट रहे ‘स्पेशल सेक्रेटरी’ की फाइलों में


