CISF पूर्वी क्षेत्र-वन के डीआईजी अमित माथुर ने किया बोकारो थर्मल यूनिट का वार्षिक निरीक्षण

Bermo: सीआईएसएफ के पूर्वी जोन-वन पटना के डीआईजी अमित माथुर ने शुक्रवार को बोकारो थर्मल स्थित सीआईएसएफ यूनिट का औचक निरीक्षण किया....

Bermo: सीआईएसएफ के पूर्वी जोन-वन पटना के डीआईजी अमित माथुर ने शुक्रवार को बोकारो थर्मल स्थित सीआईएसएफ यूनिट का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने यूनिट की सुरक्षा व्यवस्था, जवानों की कार्यकुशलता और संयंत्र के अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया. यूनिट परिसर पहुंचने पर डीआईजी अमित माथुर का उप कमांडेंट अरुण प्रसाद ई. और फायर विंग के सहायक कमांडेंट अरुण कुमार गिरी सहित अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया. इसके बाद उप निरीक्षक कपिल भैरा के नेतृत्व में सीआईएसएफ के जवानों ने डीआईजी को “गार्ड ऑफ ऑनर” दिया.

सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं का लिया जायजा

स्वागत समारोह के उपरांत डीआईजी ने क्वार्टर गार्ड, सुरक्षा व फायर विंग के जवान बैरक तथा मेस परिसर का सघन निरीक्षण किया. उन्होंने मेस में खान-पान की गुणवत्ता और बैरकों में जवानों की सुविधाओं को देखा. इसके बाद एक विशेष प्रेजेंटेशन के माध्यम से डीआईजी को यूनिट की कार्यप्रणाली, वर्तमान सुरक्षा इंतजामों तथा सुरक्षा विंग की आपातकालीन तैयारियों से अवगत कराया गया.

डीआईजी ने यूनिट के अधिकारियों और बोकारो थर्मल के एचओपी सुशील कुमार अरजरिया व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की. बैठक में प्लांट की आंतरिक सुरक्षा को अभेद्य बनाने, सुरक्षा उपकरणों को अपग्रेड करने तथा बीटीपीएस इकाई के क्वार्टर एवं बैरकों की जर्जर स्थिति जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. डीआईजी ने सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए.

ALSO READ: राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने कहा- ‘जीत हमारी तय, पक्ष हो या विपक्ष, सबसे मांगेंगे वोट’

जवानों को दिया अनुशासन और सतर्कता का संदेश

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए परिसर में पौधारोपण किया. कार्यक्रम के अंतिम चरण में उन्होंने “सैनिक सम्मेलन” को संबोधित किया. जवानों से रूबरू होते हुए डीआईजी ने कहा कि सीआईएसएफ अपनी कर्तव्यनिष्ठा के लिए जानी जाती है. उन्होंने सभी जवानों को देश की इस बहुमूल्य औद्योगिक धरोहर की सुरक्षा में चौबीसों घंटे पूरी मुस्तैदी, कड़े अनुशासन और सर्वोच्च सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया. मौके पर निरीक्षक प्रशांत कुमार प्रसून, अनि राजीव कर्ण सहित सभी अधिकारी एवं जवान मौजूद थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *