Jamtada: जिले में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनन विभाग लगातार एक्शन कर रहा है. इसी क्रम में शुक्रवार को माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर जामताड़ा थाना के सुपुर्द कर दिया. यह कारवाई जामताड़ा थाना क्षेत्र के दक्षिण बहाल स्थित ग्वालपीपला जंगल के समीप की गई.
खनन विभाग की टीम पहुंची
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त ट्रैक्टर अजय नदी घाट से अवैध रूप से बालू लोड कर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान खनन विभाग की टीम को वाहन की सूचना मिली, जिसके बाद माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में वाहन की जांच की गई. जांच के दौरान चालक से बालू परिवहन से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, लेकिन चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. बताया जा रहा है कि खनन विभाग की टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा. तेज रफ्तार और अफरा-तफरी के बीच ट्रैक्टर का डाला अचानक पलट गया, जिससे बालू सड़क किनारे और जंगल क्षेत्र में बिखर गया. हालांकि विभागीय टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को अपने कब्जे में ले लिया.

ट्रैक्टर जब्त
इसके बाद जब्त ट्रैक्टर को जामताड़ा थाना लाया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. खनन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
AlsoRead:व्यवहार न्यायालय जामताड़ा में सीसीटीवी व्यवस्था की समीक्षा
