Gumla: स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) के तहत माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन सिविल सर्जन कार्यालय के सभागार में किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, भ्रांतियों को दूर करना तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ माहवारी प्रबंधन को बढ़ावा देना था.
माहवारी को लेकर जागरूकता फैलाने पर दिया गया जोर
कार्यक्रम की शुरुआत में सिविल सर्जन डॉ. सम्भूनाथ नाथ चौधरी ने कहा कि माहवारी कोई शर्म की बात नहीं बल्कि एक प्राकृतिक प्रक्रिया है. इस दौरान साफ-सफाई रखना बेहद जरूरी है ताकि संक्रमण से बचा जा सके. उन्होंने सैनिटरी पैड के उपयोग और सुरक्षित निपटान पर भी जोर दिया एवं माहवारी के दौरान पुरुषों के दायित्व पर भी विशेष जानकारी दी.

अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धनुर्जय सुमब्राई ने उपस्थित साथिया को माहवारी के विषय पर जानकारी देते हुए बताया कि यह किशोरावस्था में होने वाला एक सामान्य बदलाव है. इस दौरान भी आप एक सामान्य जीवन व्यतीत कर सकते हैं.
जिला कार्यक्रम प्रबंधक जया रेशमा खाखा ने अपने संबोधन में कहा कि माहवारी एक सामान्य प्रक्रिया है. इसमें घबराने की कोई बात नहीं है. इस दौरान नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें, जिससे आप माहवारी के दौरान होने वाले संक्रमण से बचे रह सकते हैं और एक स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो सकते हैं. जिला VBD परामर्शी शर्मिला शर्मा ने माहवारी के दौरान नियमित सफाई और प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी.
ALSO READ: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मी और किशोरियां रहीं मौजूद
इस कार्यक्रम में जिला लेखा प्रबंधक प्रमोद साहू, जिला कार्यक्रम समन्वयक अभिनित आनंद, हॉस्पिटल मैनेजर जीरन कन्डूलना, C3, TSF के प्रतिनिधि, साथिया, RKSK BTT, CHO इत्यादि शामिल थे. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किशोरी साथिया ने शपथ ली कि वे खुद भी जागरूक रहेंगी और दूसरों को भी जागरूक करेंगी.
