चौका-कांड्रा टोल रोड की बदहाली पर फूटा आक्रोश, चौका बाजार समिति ने डीसी-डीटीओ को सौंपा ज्ञापन

Saraikela : PPP मोड पर JARDCL कंपनी द्वारा निर्मित एवं संधारित चौका-कांड्रा टोल रोड की जर्जर हालत से आमजन परेशान हैं. कांड्रा...

Saraikela : PPP मोड पर JARDCL कंपनी द्वारा निर्मित एवं संधारित चौका-कांड्रा टोल रोड की जर्जर हालत से आमजन परेशान हैं. कांड्रा के पास नियमित टोल वसूली के बावजूद सड़क बीते एक साल से बदहाल है. जगह-जगह डोभा जैसे बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं.

3-4 महीने पहले भी दिया था ज्ञापन:

इस मामले को लेकर चौका बाजार समिति द्वारा 3-4 महीना पहले सांसद, विधायक एवं अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया था. लेकिन समिति का आरोप है कि उस पर आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, सड़क की मरम्मत तो दूर, कंपनी द्वारा गड्ढों की अस्थायी भराई तक नहीं कराई गई.

डीसी-डीटीओ से लगाई गुहार:

चौका बाजार समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सरायकेला-खरसावां एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा, प्रतिनिधिमंडल में शामिल व्यापारियों ने कहा कि टोल रोड होने के बावजूद सड़क की स्थिति गांव की कच्ची सड़क से भी बदतर हो गई है, भारी वाहनों के साथ-साथ दोपहिया चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है. बारिश में गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और भयावह हो जाती है.

अधिकारियों ने दिया आश्वासन:

ज्ञापन लेने के बाद उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है. JARDCL कंपनी के वरीय अधिकारियों से बात कर जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा. जिला परिवहन पदाधिकारी ने भी कहा कि सड़क सुरक्षा को देखते हुए कंपनी को नोटिस जारी कर समयबद्ध मरम्मत का निर्देश दिया जाएगा.

टोल दो, सुविधा नहीं:

बाजार समिति के अध्यक्ष ने कहा, “कांड्रा टोल प्लाजा पर 24 घंटे वसूली चल रही है. एक तरफ कंपनी जनता से पूरा टोल ले रही है, दूसरी तरफ सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है. यह PPP एग्रीमेंट का खुला उल्लंघन है। यदि 15 दिनों में मरम्मत शुरू नहीं हुई तो बाजार समिति चरणबद्ध आंदोलन करेगी और टोल प्लाजा पर धरना देगी.” स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जब तक सड़क पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो जाती, तब तक टोल वसूली बंद की जाए.

Also Read : ED ने तेज की चेशायर होम रोड के खाता 37 की भूमि की जांच, पुनीत भार्गव ने विष्णु अग्रवाल को बेची थी जमीन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *