Palamu : जिला के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में युवती अंजली कुमारी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस छान बीन में जानकारी मिली कि युवती के कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो को लेकर क्षेत्र में दुष्प्रचार हुआ था. जिससे क्षुब्ध और आक्रोशित होकर पिता ने अपनी बेटी की जान ले ली. इस सनसनीखेज मामले की शुरुआत तब हुई जब स्थानीय चौकीदार प्रवीण कुमार के आवेदन पर लेस्लीगंज थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की.

लेस्लीगंज के एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी को भी बरामद कर लिया गया है. आपत्तिजनक वीडियो फैलाने वाले अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
दो युवकों ने किया था दुष्प्रचार
गहन जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राजबली मेहता और अरविंद कुमार मेहता नाम के दो युवकों ने मिलकर अंजली कुमारी के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो का दुष्प्रचार किया था. जैसे ही इस बात की जानकारी अंजली के पिता अगस्त कुमार मेहता को हुई. गुस्से में आकर उन्होंने अपनी ही पुत्री पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
ALSO READ : झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन पलामू के संरक्षक बने वित्त मंत्री राधाकृष्णन किशोर
