Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता और उत्तर प्रदेश, बिहार व सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से राज्य में अगले कुछ दिनों तक गर्मी और आंधी-बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन कई जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी.

डाल्टनगंज सबसे गर्म, सिसई में हुई सबसे अधिक बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई. गुमला के सिसई में सबसे अधिक 9.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. वहीं डाल्टनगंज 41 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. लातेहार में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का तापमान 38.1 डिग्री, बोकारो थर्मल का 39.5 डिग्री, सरायकेला का 39.4 डिग्री, पाकुड़ का 37 डिग्री, लोहरदगा का 36.8 डिग्री तथा रांची और चाईबासा का तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
अगले पांच दिनों तक आंधी और वज्रपात की संभावना
मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच दिनों तक गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है. 4 जून को राज्य के पूर्वी और मध्य भागों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 5 जून को उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों को छोड़कर अधिकांश जिलों में मौसम का यही मिजाज बना रहेगा. 6 जून को पूरे राज्य में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. 7 जून को दक्षिणी और मध्य भागों तथा 8 जून को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने का अनुमान है.
रांची में भी बारिश के आसार
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में 4 और 5 जून को आंशिक बादल छाए रहने और गरज वाले बादल बनने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 6 और 7 जून को मेघ गर्जन के साथ बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है. 8 जून को भी बादल छाए रहेंगे, जबकि 9 जून को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है. इसके बाद 10 जून को एक बार फिर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से आंधी, वज्रपात और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. विशेष रूप से किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
ALSO READ: कोडरमा के चंदवारा थाना के दरोगा पवन कुमार को HC से बेल, 15 हजार रुपए की ली थी घुस
