Entertainment Desk: हिंदी सिनेमा और संगीत जगत ने अपनी एक अनमोल धरोहर खो दी है. दिग्गज गायिका आशा भोसले का निधन 92 वर्ष की उम्र में हो गया. बताया जा रहा है कि अत्यधिक थकान और सीने में संक्रमण के कारण उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली. ‘सुरों की मल्लिका’ के जाने से पूरे संगीत जगत में शोक की लहर है.

सोमवार को मशहूर गायिका आशा भोसले का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. पंचतत्व में विलीन होने के बाद परिवार में गहरा शोक छा गया. इस दुखद घड़ी में उनकी 24 वर्षीय पोती जनाई भोसले भावनात्मक रूप से टूट गईं. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी दादी की अंतिम झलक साझा करते हुए अपने दिल का दर्द व्यक्त किया है.
जनाई भोसले ने साझा की आशा भोसले की अंतिम झलक
अपनी दादी आशा भोसले की अंतिम तस्वीर साझा करते हुए जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर भावुक कैप्शन लिखा. उन्होंने कहा, “मेरे अंदर इस समय कई तरह की भावनाएं चल रही हैं. अभी मैं ठीक से कुछ लिख पाने की स्थिति में नहीं हूं बस इतना कहना चाहती हूं कि आज लोगों ने उन्हें जो सम्मान और अपार प्यार दिया है, उसे देखकर मेरा दिल भर आया है.”

उन्होंने आगे अपने पोस्ट में लिखा, “मैं आप सभी का दिल से धन्यवाद करना चाहती हूं. वह इस सम्मान और प्यार की पूरी हकदार थीं. आज मुझे यह एहसास हुआ है कि वह हमारे बीच हमेशा मौजूद रहेंगी… हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगी और ऊपर से हम सभी को देख रही हैं.”

अंतिम संस्कार में भावुक हुईं जनाई भोसले, फूट-फूटकर रो पड़ीं

सोमवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में आशा भोसले का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ संपन्न किया गया, जिसकी जिम्मेदारी उनके बेटे आनंद भोसले ने निभाई. इस दौरान कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिनमें बेहद भावुक क्षण देखने को मिले. एक वीडियो में उनकी पोती जनाई भोसले अपनी दादी के पार्थिव शरीर को देखकर खुद को संभाल नहीं पाईं और रो पड़ी. इस दौरान अभिनेता रणवीर सिंह ने उन्हें संभालते हुए गले लगाया.
जनाई भोसले ने दी थी आशा भोसले की सेहत की जानकारी

हाल ही में आशा भोसले की तबीयत को लेकर फैली अफवाहों और उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबरों के बीच जनाई भोसले ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान जारी कर उनकी सेहत की स्थिति स्पष्ट की थी. उन्होंने बताया था कि गायिका को सांस लेने में परेशानी और सीने में संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद संगीत जगत की इस महान हस्ती को बचाया नहीं जा सका.
ALSO READ: आशा जी संगीत की एक युगधारा थीं : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
