विश्व मलेरिया दिवस पर रांची में जागरूकता कार्यक्रम, प्रभात फेरी के जरिए दिए गए बचाव के संदेश

Ranchi: विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर रांची जिले में मलेरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया...

Ranchi: विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर रांची जिले में मलेरिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस दौरान लोगों को मलेरिया के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया गया.

प्रभात फेरी से दिया गया जागरूकता संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसमें जिला वाहक जनित रोग पदाधिकारी डॉ. शाहिद करीम साबरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी और सहायक नर्स प्रसूति प्रशिक्षण विद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. प्रभात फेरी के माध्यम से आम लोगों को मलेरिया के प्रति सजग रहने और समय पर जांच कराने के संदेश दिए गए.

कार्यशाला में दी गई विस्तृत जानकारी

इसके बाद सहायक नर्स प्रसूति प्रशिक्षण विद्यालय परिसर में एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला में मलेरिया के कारण, इसके लक्षण और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई. इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली.

विशेषज्ञों ने बताए बचाव के उपाय

विशेषज्ञों ने बताया कि मलेरिया एक गंभीर, लेकिन पूरी तरह से रोकी जा सकने वाली बीमारी है, जो संक्रमित मच्छरों के काटने से फैलती है. इससे बचाव के लिए आसपास साफ-सफाई बनाए रखना, जल जमाव नहीं होने देना, मच्छरदानी का उपयोग करना और पूरे शरीर को ढकने वाले वस्त्र पहनना आवश्यक है.

Also Read: रांची और देवघर में ATS की कार्रवाई आधुनिक पिस्टल और कारतूस के साथ पकड़ा गया तीन युवक

विषय के साथ दिया गया सामूहिक प्रयास का संदेश

इस वर्ष विश्व मलेरिया दिवस 2026 का विषय है कि मलेरिया को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध: अब हम कर सकते हैं, अभी करना ही होगा. इस विषय के तहत लोगों को मलेरिया उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया.

जिलेभर में चले जागरूकता कार्यक्रम

जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी इस अवसर पर प्रभात फेरियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक मलेरिया से बचाव का संदेश पहुंच सके.

लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं

जिला वाहक जनित रोग पदाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को बुखार, ठंड लगना या सिरदर्द जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और समय पर उपचार लें.

रांची में मलेरिया की स्थिति (2025-26, मार्च तक)

  • रक्त स्लाइड संग्रह – 34,673
  • कुल सकारात्मक मामले – 08
  • प्लास्मोडियम फाल्सीपेरम – 04
  • प्लास्मोडियम विवैक्स – 04
  • मृत्यु – 0
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *