Lohardaga: भूईहर मुंडा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को सांसद सुखदेव भगत से उनके आवास पर मुलाकात कर समाज को झारखंड में अनुसूचित जनजाति (एसटी) सूची में शामिल कराने की मांग उठाई. प्रतिनिधियों ने कहा कि इस संबंध में लंबित दस्तावेजों को जल्द केंद्र सरकार तक पहुंचाने की आवश्यकता है. समाज के लोगों ने सांसद को बताया कि अविभाजित बिहार में भूईहर मुंडा समाज अनुसूचित जनजाति सूची में शामिल था, लेकिन झारखंड राज्य गठन के बाद समुदाय को इस सूची से बाहर कर दिया गया. इससे समाज के लोगों को आरक्षण और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है.
लंबित दस्तावेज भेजने की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता सत्य प्रकाश हुरहुरिया ने कहा कि भूईहर मुंडा समाज से जुड़े आवश्यक दस्तावेज फिलहाल मुख्यमंत्री कार्यालय, रांची में लंबित हैं. उन्होंने सांसद से आग्रह किया कि इन दस्तावेजों को शीघ्र भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय तक भेजने की पहल की जाए, ताकि समाज की मांग पर आगे की कार्रवाई हो सके.
केंद्र सरकार के समक्ष मामला उठाने का आग्रह
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से यह मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाने तथा आवश्यक होने पर केंद्रीय मंत्रिमंडल स्तर पर भी चर्चा कराने का अनुरोध किया. मुलाकात के दौरान क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी गति, बुनियादी सुविधाओं की कमी और अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई. प्रतिनिधियों ने सांसद को ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों और विकास संबंधी अपेक्षाओं से अवगत कराया.
ALSO READ : तीन वरिष्ठ IFS अधिकारियों पर जांच की तलवार, केंद्र और लोकभवन के हस्तक्षेप के बाद सरकार सख्त


