हजारीबाग के सड़क नेटवर्क को मिलेगी नई रफ्तार: सांसद मनीष जायसवाल ने नितिन गडकरी से की मुलाकात, ब्लैक स्पॉट्स और रिंग रोड का उठा मुद्दा

Hazaribagh: हजारीबाग संसदीय क्षेत्र की सड़क अवसंरचना को आधुनिक रूप देने और आवागमन को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल...

सांसद मनीष जायसवाल ने नितिन गडकरी से की मुलाकात

Hazaribagh: हजारीबाग संसदीय क्षेत्र की सड़क अवसंरचना को आधुनिक रूप देने और आवागमन को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है. हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से औपचारिक मुलाकात की. इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान सांसद ने क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) के स्थायी समाधान और लंबित सड़क परियोजनाओं को जल्द पूरा करने को लेकर विस्तृत चर्चा की.

चुटुपालु, चरही और दनुवा-बनुवा घाटी के ब्लैक स्पॉट्स का जल्द निकलेगा स्थायी समाधान

 बैठक के दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने एनएच-33 पर स्थित चुटुपालु घाटी, चौपारण–बाराचट्टी मार्ग के दनुवा-बनुवा तथा चरही घाटी में लगातार हो रहे हादसों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने इन खूनी ब्लैक स्पॉट्स के स्थायी समाधान का आग्रह किया. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जानकारी दी कि फिलहाल इन खतरनाक मोड़ों पर अस्थायी सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं. जल्द ही स्थायी समाधान की तकनीकी स्वीकृति मिलते ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

चरही के घाटो मोड़ पर बनेगा फ्लाईओवर, डीपीआर तैयार करने का निर्देश

सांसद मनीष जायसवाल ने चरही के घाटो मोड़ पर लंबे समय से लंबित फ्लाईओवर निर्माण की मांग को केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा. क्षेत्र की जरूरत और हादसों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए नितिन गडकरी ने ऑन-द-स्पॉट संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल डीपीआर तैयार करने का सख्त निर्देश जारी किया. इसके अलावा एनएच-522 पर सलगा से चतरा तक प्रस्तावित सड़क परियोजना की भी समीक्षा की गई, जिस पर भी केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को जल्द डीपीआर बनाने के आदेश दिए.

स्टेट हाईवे-7 को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की सिफारिश

औद्योगिक और कोयला ढुलाई वाले क्षेत्रों को सुगम कनेक्टिविटी देने के उद्देश्य से सांसद जायसवाल ने कारगिल पेट्रोल पंप से बड़कागांव, केरेडारी, टंडवा, कल्याणपुर, पिपरवार, डकरा और खलारी होते हुए बिजूपाड़ा तक जाने वाले राज्य राजमार्ग-7 को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा देने की मांग रखी. उन्होंने बताया कि इस मार्ग को एनएच में बदलने से भारी वाहनों के परिचालन को नई दिशा मिलेगी और आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी.

हजारीबाग 26 किमी रिंग रोड परियोजना

शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रस्तावित 26 किलोमीटर लंबी हजारीबाग रिंग रोड परियोजना पर भी गंभीर चर्चा हुई. यह रिंग रोड एनएच-522 को सिलवार से बाईपास करते हुए कटकमसांडी रोड पार कर सलगा गांव से जोड़ने के लिए प्रस्तावित है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि यह प्रस्ताव वर्तमान में राज्य सरकार के स्तर पर लंबित है. जैसे ही राज्य स्तर से आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर केंद्र को फाइल भेजी जाएगी, परियोजना पर तेजी से काम शुरू कर दिया जाएगा.

क्षेत्रीय विकास और जनसुविधा सांसद की पहली प्राथमिकता

बैठक संपन्न होने के बाद सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में सुरक्षित आवागमन, सुदृढ़ कनेक्टिविटी और विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क तैयार करना उनका संकल्प है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने पर हजारीबाग सहित पूरे उत्तरी झारखंड के विकास को नई ऊंचाई मिलेगी.

AlsoRead:रिम्स लैंड स्कैम-बिल्डर शुभम साबू की बेल पर ACB कोर्ट 30 को सुनाएगा फैसला

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *