Chaibasa: चक्रधरपुर गेस्ट हाउस में भाजपा जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण सांगठनिक कार्य बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जाने वाले “12 साल बेमिसाल” अभियान तथा “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. निर्णय लिया गया कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मंडलों एवं बूथों में इन कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.

जिला अध्यक्ष ने रखी बात
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने कहा कि “12 साल बेमिसाल” अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा. साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के तहत प्रत्येक कार्यकर्ता को पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है. उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक कार्यक्रमों को सफल बनाने का निर्देश दिया.
पर्यावरण संरक्षण पर जोर
भाजपा नेता अशोक सारंगी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और आगामी कार्यक्रमों को जनभागीदारी के साथ सफल बनाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का भी संदेश देता है.
सरकारी योजनाओं की चर्चा
भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में गरीब, किसान, महिला, युवा और आदिवासी समाज के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया.
ये रहे मौजूद
बैठक में पूर्व विधायक शशि सामड, कराईकेला मंडल अध्यक्ष सुशांत मंडल, चक्रधरपुर मंडल अध्यक्ष दुर्योधन प्रधान, नगर अध्यक्ष अनूप दुबे, टोकलो मंडल अध्यक्ष कांडे पड़िया, गोईलकेरा मंडल अध्यक्ष हरि चरण बाहंदा, सोनुवा मंडल अध्यक्ष निशांत महतो सहित सातों प्रखंडों के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
