Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा परिणाम को लेकर राजधानी रांची में आज माहौल गरमा गया. भारतीय जनता युवा मोर्चा के हजारों कार्यकर्ता JPSC कार्यालय का घेराव करने पहुंचे, जहां पुलिस ने पहले से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने के लिए गेट तोड़कर परिसर में घुसे, जिसके बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई.

सरकार और आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी
भाजयुमो कार्यकर्ता JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए परिणाम रद्द करने, पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने और अभ्यर्थियों के साथ न्याय की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने सरकार और आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. स्थिति को देखते हुए JPSC कार्यालय और आसपास के इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. बड़ी संख्या में पुलिस बल, रैपिड एक्शन टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात हैं. प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है और प्रशासन हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी. हालांकि, प्रशासन लगातार हालात को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है. गौरतलब है कि JPSC परिणाम को लेकर पिछले कई दिनों से अभ्यर्थियों और विभिन्न संगठनों का विरोध प्रदर्शन जारी है. इसी कड़ी में आज भाजयुमो ने JPSC कार्यालय घेराव का आह्वान किया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित स्थिति बनी हुई है और पुलिस-प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है.
छात्रों की प्रमुख मांग
प्रदर्शनकारी छात्रों की प्रमुख मांगों में JPSC पीटी परीक्षा को रद्द करना, परीक्षा का कटऑफ मार्क्स सार्वजनिक करना, उत्तर पुस्तिका और मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना शामिल है.छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
