Chatra: हंटरगंज निवासी और बीजेपी के युवा नेता श्रीनिवास सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. चतरा के एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया है कि श्रीनिवास को उच्च न्यायालय में फर्जी दस्तावेज पेश करने के एक गंभीर मामले में हिरासत में लिया गया है. जानकारी के मुताबिक, श्रीनिवास सिंह सोमवार को चतरा में आयोजित रोड सेफ्टी की अहम बैठक में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान रांची की कांके पुलिस ने उन्हें रोक लिया. अब हंटरगंज पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर वापस चतरा ला रही है. एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई पुराने मामले में गलत कागजात देने को लेकर हुई है. फिलहाल आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच चल रही है. इस गिरफ्तारी की टाइमिंग इसलिए भी अहम है क्योंकि श्रीनिवास सिंह पिछले एक महीने से खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो और वन विभाग के डीएफओ की कथित अनियमितताओं के खिलाफ लगातार मुखर थे. हाल ही में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे. फिलहाल पुलिस ने जांच का हवाला देते हुए मामले में ज्यादा जानकारी देने से परहेज किया है. अब पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी.
AlsoRead:झारखंड के जेल IG सुदर्शन मंडल को हार्ट अटैक, रांची के अस्पताल में भर्ती
