Ranchi: पड़ोसी राज्य बिहार में पहली बार भाजपा को मुख्यमंत्री पद मिलने पर झारखंड भाजपा नेताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल और ऐतिहासिक कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं.
प्रदेश नेतृत्व ने जताया भरोसा
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इसे बिहार के लिए नए संकल्प और नई ऊर्जा का क्षण बताया. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में एनडीए सरकार बिहार को विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयामों तक ले जाएगी. साथ ही उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को भी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी.
मरांडी ने बताया नई दिशा का संकेत
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सम्राट चौधरी का नेतृत्व बिहार को नई दिशा और गति देगा. उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में एनडीए सरकार बिहार को भ्रष्टाचार मुक्त, सुरक्षित और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी.
Also Read: पलामू में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आया मासूम, मौके पर मौत
संगठन नेताओं की प्रतिक्रिया
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय से बिहार में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलेगी. वहीं संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने इसे अनुभव और ऊर्जा का संतुलन बताते हुए कहा कि नई सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के हित में ठोस फैसले लेगी.
अन्य नेताओं ने भी दी बधाई
इसके अलावा पार्टी के कई अन्य नेताओं . राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, डॉ. प्रदीप वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह समेत अन्य ने भी सम्राट चौधरी और दोनों उपमुख्यमंत्रियों को बधाई दी.
