Palamu: पलामू के महाराजा पैलेस में आयोजित भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत जिला प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक और व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.

राष्ट्र समर्पण को मजबूत करने का अभियान है प्रशिक्षण शिविर
कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली, राष्ट्रहित, सेवा भाव और जनसंपर्क को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी है. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की विचारधारा और राष्ट्र समर्पण को मजबूत करने का अभियान है. ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति निष्ठा, वैचारिक स्पष्टता और सेवा भावना को मजबूत करते हैं. साथ ही कार्यकर्ता व्यावहारिक कार्ययोजना और जनता के बीच प्रभावी संवाद की कला भी सीखते हैं. आदित्य साहू ने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीति और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया.
यह अभियान कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय और जागरूक बनाने का माध्यम
वहीं प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि विचारों की मजबूती ही किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है. उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय और राष्ट्रसेवा का विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने कहा कि यह अभियान कार्यकर्ताओं को जनहित, सेवा और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति अधिक सक्रिय और जागरूक बनाने का माध्यम है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्य करने की अपील की.
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक आलोक चौरसिया, शशिभूषण मेहता, पूर्व विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, पुष्पा देवी, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: उपायुक्त के निर्देशानुसार विभिन्न पंचायतों में श्रमिक निबंधन शिविर का हुआ आयोजन
