प्रोजेक्ट जागृति के तहत पश्चिमी सिंहभूम में रक्तदान शिविर आयोजित, 200 लोगों ने किया रक्तदान

Chakradharpur: झारखंड सरकार के “प्रोजेक्ट जागृति” अभियान के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले को रक्त युक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को सदर...

Blood donation camp
रक्तदान शिविर आयोजित

Chakradharpur:  झारखंड सरकार के “प्रोजेक्ट जागृति” अभियान के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले को रक्त युक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को सदर अस्पताल चाईबासा समेत जिले के पांच स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में जिला प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस जवानों, जेएसएलपीएस की स्वयं सहायता समूह की दीदियों तथा आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वैच्छिक रक्तदान किया. सदर अस्पताल चाईबासा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने फीता काटकर किया. इसके बाद उन्होंने स्वयं भी सभी आवश्यक जांच प्रक्रिया पूरी कर रक्तदान किया. इस दौरान जिले में पदस्थापित प्रशिक्षु आईपीएस राजकुमार जय राजू ने भी स्वेच्छा से रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया.

जिले को रक्त युक्त बनाने में समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान के साथ-साथ जीवनदान भी है. उन्होंने जिलेवासियों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा, कि यह पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है. उन्होंने कहा कि जिले को रक्त युक्त बनाने में समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है. उन्होंने जानकारी दी कि जिले में रक्त की कमी के कारण थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, सड़क दुर्घटना में घायल लोगों तथा एनीमिया से ग्रसित महिलाओं को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में “प्रोजेक्ट जागृति” के तहत प्रत्येक माह की 8 एवं 24 तारीख को रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.

200 लोगों ने किया रक्तदान

उपायुक्त ने बताया कि जिले के छह स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित शिविर में करीब 200 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि 358 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया. उन्होंने कहा कि जेएसएलपीएस की दीदियों में रक्तदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है और दूरस्थ टोंटो प्रखंड से भी महिलाएं रक्तदान करने पहुंच रही हैं. उन्होंने बताया कि इस बार रक्तदान करने वालों में लगभग 70 प्रतिशत लोग पहली बार रक्तदान कर रहे हैं, जो समाज में रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों के खत्म होने का सकारात्मक संकेत है. रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

वहीं टोंटो प्रखंड के गराहातु गांव से रक्तदान करने पहुंचीं स्वधीना तुबिद ने कहा कि जिले में रक्त की कमी को दूर करने के लिए सभी लोगों को नियमित अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित है और जरूरत पड़ने पर रक्त तभी उपलब्ध होगा, जब लोग आगे आकर स्वेच्छा से रक्तदान करेंगे.

यह भी पढ़ें: पलामू: रामपुर घटना पर भाजपा नेता ज्योतिरीश्वर सिंह ने उठाये सवाल, कहा- ‘जांच से पहले किसी समाज को दोषी ठहराना गलत’

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *