Bokaro: बोकारो जिले के चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत संथाल लाघला ग्राम की प्रतिभाशाली लोक कलाकार बबीता हेम्ब्रम को संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली द्वारा प्रतिष्ठित बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार से सम्मानित किए जाने हेतु चयनित किया गया है. बबीता हेम्ब्रम ने संथाली लोकनृत्य एवं लोकसंगीत के संरक्षण, संवर्धन तथा प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया है. अपनी प्रतिभा, समर्पण और निरंतर साधना के माध्यम से उन्होंने न केवल झारखंड, बल्कि पूरे आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है.
चंदनकियारी को मिला यह दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार
इस उपलब्धि पर क्षेत्र के कलाकारों, सांस्कृतिक प्रेमियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों में हर्ष का वातावरण है. यह सम्मान संथाली लोककला एवं संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान प्रदान करेगा तथा युवा कलाकारों को अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण हेतु प्रेरित करेगा. बता दें, कि चंदनकियारी को यह दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार है. इसके पूर्व खेदाबेडा, चंदनकियारी के छऊ कलाकार परीक्षित महतो को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार मिल चुका है.

संथाल समुदाय के लिए गौरव का विषय- समन्वयक डॉ. संजय
छऊ केंद्र, चंदनकियारी के समन्वयक डॉ. संजय ने बबीता हेम्ब्रम की प्रतिभा एवं सांस्कृतिक योगदान को देखते हुए उनके नाम की अनुशंसा की थी. उनके चयन पर डॉ. संजय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे झारखंड, विशेषकर संथाल समुदाय के लिए गौरव का विषय है. बबीता हेम्ब्रम की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सांस्कृतिक संस्थाओं, कलाकारों एवं आम नागरिकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं.
यह भी पढ़ें: विशेष पैदल और पिंक पेट्रोलिंग अभियान के तहत पुलिस ने की संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी
