Chakradharpur: बंदगांव प्रखंड के बंदगांव बाजार टांड़ बस स्टैंड परिसर में गुरुवार को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के सहयोग से आम बिक्री स्टॉल का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्या जोसफिन हंमसाय तथा विशिष्ट अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी भीष्म कुमार एवं बंदगांव पंचायत के मुखिया ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बंदगांव के चिकित्सा प्रभारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, जेएसएलपीएस के कर्मी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का उद्देश्य बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित फलों के लिए किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा दीदी किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है. आम बिक्री स्टॉल का संचालन बंदगांव किसान आजीविका महिला संकूल संगठन द्वारा किया जा रहा है.
स्टॉल में उपलब्ध हैं आम की विभिन्न किस्में
स्टॉल में आम्रपाली, लंगड़ा, हिमसागर, बॉम्बे ग्रीन, गुलाब खास एवं अल्फांसो सहित विभिन्न किस्मों के ताजे एवं गुणवत्तायुक्त आम बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए हैं. उद्घाटन के दौरान अतिथियों ने स्टॉल का निरीक्षण किया और इस पहल की सराहना करते हुए विपणन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए.

ALSO READ: बोकारो: चंदनकियारी की बबीता हेम्ब्रम का नाम बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार के लिए चयनित
ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को मिलेगी मजबूती
उद्घाटन के बाद अतिथियों, प्रखंड एवं जेएसएलपीएस कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने भी उत्साहपूर्वक आम की खरीदारी की. इस पहल से स्थानीय उत्पादक समूहों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा, वहीं ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन को भी नई मजबूती मिलेगी. जिला परिषद सदस्या जोसफिन हंमसाय ने कहा कि इस प्रकार के बिक्री केंद्र ग्रामीण उत्पादों को बाजार से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं. वहीं बीडीओ भीष्म कुमार ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए इस तरह की पहल लगातार जारी रहेगी.
