Bokaro: बोकारो विधानसभा क्षेत्र के बोकारो स्टील सिटी (बीएस सिटी) शहरी क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बीएसएल प्रबंधन के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान को सफल बनाने में बीएसएल सक्रिय सहभागिता निभाए. बैठक में डीईओ सह डीसी ने एसआईआर-2026 अभियान की प्रक्रिया, उद्देश्य एवं इसकी आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बीएसएल इस्पात उत्पादन में देश की अग्रणी इकाइयों में शामिल है, उसी प्रकार लोकतंत्र को सशक्त बनाने वाले इस अभियान में भी अग्रणी भूमिका निभाए. उन्होंने कहा कि एसआईआर केवल निर्वाचन आयोग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अभियान है.
11 से 13 जुलाई तक विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश
डीईओ सह डीसी ने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है. ऐसे में बीएसएल के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी बीएलओ को पूरा सहयोग दें. उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में उदासीनता की प्रवृत्ति को समाप्त करना आवश्यक है. बीएसएल प्रबंधन अपने कर्मचारियों को अभियान के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित नहीं रहे. उन्होंने बीएसएल प्रबंधन से 11 से 13 जुलाई तक विशेष जागरूकता अभियान संचालित करने को कहा. साथ ही पदाधिकारियों और कर्मचारियों के बीच एसआईआर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, प्रपत्र समय पर भरने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने को कहा. उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी अपनी एसआईआर प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा करें, जिससे अन्य लोग भी प्रेरित हों. बैठक में बीएसएल की ईडी, एचआर राजश्री बनर्जी ने जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने कर्मचारियों के लिए विशेष सर्कुलर जारी करने तथा सेक्टर-2 के कला केंद्र में केंद्रीकृत सहायता केंद्र स्थापित करने में सहयोग देने की बात कही.

ALSO READ: सरायकेला: अस्पताल में मरीज नहीं, वार्डों पर ताले; गम्हरिया CHC की बदहाली पर DC का सख्त एक्शन
वेबसाइट, हेल्पलाइन और प्रचार सामग्री से भी मिलेगा सहयोग
बैठक में बोकारो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की ईआरओ सह अनुमंडल पदाधिकारी, चास प्रांजल ढांडा ने बताया कि बोकारो विधानसभा क्षेत्र के सभी बीएलओ का विवरण तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की सूची जिला की आधिकारिक वेबसाइट bokaro.nic.in पर उपलब्ध करा दी गई है. निर्वाचन संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा समस्या के समाधान के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है. यह सेवा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक उपलब्ध है. डीईओ सह डीसी ने टीम जनसंपर्क एवं निर्वाचन शाखा को निर्देश दिया कि एसआईआर अभियान से संबंधित पंपलेट, पोस्टर, ऑडियो-वीडियो संदेश, जागरूकता क्लिप एवं अन्य प्रचार-प्रसार सामग्री तत्काल बीएसएल की जनसंपर्क टीम को उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा कि इन सामग्रियों के माध्यम से बीएसएल अपने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के बीच अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करे, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाता एसआईआर प्रक्रिया में समय पर अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकें.


