Bokaro: पेटरवार थाना क्षेत्र के भेलवा टांड में संचालित मुख्यमंत्री कौशल विकास केंद्र में एक व्यक्ति की हत्या से रविवार को पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृतक गणेश कुमार कपरदार (45 वर्ष) कौशल विकास केंद्र में कुक का काम करता था, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का निवासी था. घटना की सूचना पेटरवार थाना को मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंची. इस दौरान बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवीन्द्र कुमार सिंह भी पहुंचे. कौशल विकास केंद्र के कैंप मैनेजर संजीत कुमार सिंह ने बताया कि गणेश कपरदार यहां दो साल से कुक का काम कर रहे थे. रविवार को जब मेस में देखने गए तो देखा कि कुक बेड के नीचे गिरा पड़ा है, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
फॉरेंसिक टीम और स्निफर डॉग की मदद से जांच
घटना के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवीन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि इस हत्या की गुत्थी बहुत जल्द ही सुलझा ली जाएगी. स्निफर डॉग की भी जांच में मदद ली गई. साथ ही फॉरेंसिक टीम का भी सहारा लिया जा रहा है. घटनास्थल से उन सभी आवश्यक चीजों को एकत्र किया जा रहा है, जो जांच में मददगार साबित होंगी. उन्होंने कहा कि पुलिस हत्या के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा. इधर, मृतक के परिजनों को सूचना मिलने के बाद वे भी पेटरवार पहुंचे. परिजनों ने पुलिस से न्याय दिलाने की मांग की. इस घटनाक्रम में पेटरवार थाना सहित आईईएल थाना प्रभारी, तेनुघाट ओपी प्रभारी और कसमार थाना प्रभारी जांच में जुट गए हैं.
पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो भी पहुंचे घटनास्थल
घटना की जानकारी मिलते ही गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने एसडीपीओ रवीन्द्र कुमार सिंह से बात कर इस हत्याकांड की गुत्थी को जल्द से जल्द सुलझाने और अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की बात कही.
