Ranchi : हॉकी झारखंड की नई कार्यकारिणी (कमेटी) का गठन होते ही संगठन के भीतर खींचतान तेज हो गई है. नई कमेटी के अस्तित्व में आते ही इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है. इसी कड़ी में राज्य चयन समिति के चेयरमैन जयंत केरकेट्टा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. जयंत केरकेट्टा ने एक औपचारिक पत्र जारी कर कार्यकारिणी को अपने इस्तीफे की जानकारी दी है. गौरतलब है कि जयंत केरकेट्टा भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और अंतरराष्ट्रीय दिग्गज खिलाड़ी असुंता लकड़ा के पति है. खेल जगत में उनकी और उनके परिवार की एक खास पहचान रही है. ऐसे में उनके इस्तीफे को एक बड़े घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है.
नई कमेटी के गठन के बाद अंदरूनी असंतोष
हाल ही में हॉकी झारखंड की नई कार्यकारिणी का चुनाव और गठन संपन्न हुआ था. नई कमेटी बनने के बाद से ही संगठन के अंदरूनी हलकों में बुगबुगाहट शुरू हो गई थी. जयंत केरकेट्टा के अचानक पद छोड़ने से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि नई कमेटी के गठन और फैसलों को लेकर पदाधिकारियों व पूर्व खिलाड़ियों के बीच ऑल इज नॉट वेल है.
इस्तीफे की वजह पर रहस्य बरकरार
जयंत केरकेट्टा ने अपने पत्र में इस्तीफा देने की घोषणा तो कर दी है, लेकिन इसके पीछे की असली वजह क्या है इस पर अभी पर्दा पड़ा हुआ है. क्या यह नई कार्यकारिणी के साथ तालमेल की कमी है या फिर चयन प्रक्रिया को लेकर कोई अंदरूनी विवाद. इन सवालों पर आधिकारिक तौर पर न तो जयंत केरकेट्टा की ओर से कोई विस्तृत बयान आया है और न ही हॉकी झारखंड के उच्च अधिकारियों ने अपनी चुप्पी तोड़ी है.
खेल गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म
झारखंड को भारतीय हॉकी की नर्सरी माना जाता है. राज्य से लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलते रहे हैं. ऐसे में चयन समिति के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद से जयंत केरकेट्टा के हटने के बाद हॉकी झारखंड के भविष्य और नई कमेटी की कार्यशैली को लेकर खेल प्रेमियों और पूर्व खिलाड़ियों के बीच चर्चाएं और आशंकाएं तेज हो गई हैं. आने वाले दिनों में संगठन के भीतर से कुछ और इस्तीफे या खुलासे सामने आ सकते हैं.
ALSO READ : कांग्रेस नेताओं ने की लाठीचार्ज की निंदा, शशि थरूर ने कहा – बहुमत होते हुए भी सरकार क्यों डर रही
