-
स्थानीय समुदाय की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार होगी टिकाऊ आजीविका योजना
Bokaro: उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में माइन क्लोजर के अंतर्गत कम्युनिटी डेवलपमेंट एंड लाइवलीहुड प्लान (सीडीएलपी) की गतिविधियों को अंतिम रूप देने के संबंध में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में सीसीएल एवं बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, परियोजना पदाधिकारी तथा पर्यावरण एवं माइन क्लोजर से जुड़े नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे. बैठक में काथारा एवं ढोरी क्षेत्र द्वारा प्रस्तावित सीडीएलपी गतिविधियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया. उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि माइन क्लोजर के तहत तैयार की जाने वाली योजनाओं का मुख्य उद्देश्य स्थानीय समुदाय के लिए स्थायी एवं सम्मानजनक आजीविका के अवसर सृजित करना होना चाहिए. उन्होंने निर्देश दिया कि गतिविधियों का चयन क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं एवं स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप किया जाए, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके और लोगों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके.
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक के इलाज पर अदालती मुहर, पर इच्छा के खिलाफ नहीं दी जा सकती दवा

संशोधित कार्ययोजना शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश
उपायुक्त ने काथारा, ढोरी एवं बीएंडके क्षेत्रों के प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे बैठक में प्राप्त सुझावों के अनुरूप प्रस्तावित गतिविधियों का पुनर्मूल्यांकन करें तथा संशोधित कार्ययोजना अगली बैठक से पूर्व समिति को उपलब्ध कराएं. उन्होंने कहा कि इससे सभी सदस्य प्रस्तावों का पूर्व अध्ययन कर सकेंगे, आवश्यक सुझाव दे सकेंगे तथा अगली बैठक में योजनाओं को प्रभावी एवं समन्वित ढंग से अंतिम रूप दिया जा सकेगा. मौके पर डीएफओ नीतीश कुमार, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार, वन पदाधिकारी संदीप शींदे, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, सीएसआर नोडल शक्ति कुमार आदि उपस्थित थे.


