Bokaro: वेदांता आयरन एंड स्टील की सहायक कंपनी ईएसएल स्टील लिमिटेड ने सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. कंपनी के दो प्रमुख उत्पादों—’V-WIRRO’ वायर रॉड और ‘V-DUCPIPE’ डक्टाइल आयरन पाइप को प्रतिष्ठित सीआईआई ग्रीनप्रो इकोलेबल प्रमाणन से नवाजा गया है. इससे पहले कंपनी के ‘V-Xega’ टीएमटी बार को भी यह प्रमाणन मिल चुका है. इस नए तमगे के साथ अब ईएसएल स्टील के तीनों प्रमुख फिनिश्ड स्टील उत्पाद ‘ग्रीनप्रो’ प्रमाणित श्रेणी में शामिल हो गए हैं. यह प्रमाणन कंपनी की पर्यावरण-अनुकूल विनिर्माण प्रक्रियाओं, ऊर्जा दक्षता और टिकाऊ भविष्य के प्रति उसकी मजबूत प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है.
ग्रीनप्रो प्रमाणन के कड़े मानक
ग्रीनप्रो इकोलेबल भारतीय उद्योग परिसंघ द्वारा विकसित एक प्रतिष्ठित टाइप-1 इकोलेबल है. इसके तहत उत्पादों का उनके पूरे जीवनचक्र के आधार पर कार्बन फुटप्रिंट, संसाधनों की खपत और पर्यावरणीय प्रभाव जैसे कड़े मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है. इन मानकों पर खरा उतरने वाले उत्पादों को ही “ग्रीन प्रोडक्ट” के रूप में मान्यता दी जाती है.


CEO ने उपलब्धि पर जताई खुशी
इस सफलता पर ईएसएल स्टील लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रीनप्रो प्रमाणन मिलना कंपनी के लिए बेहद गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिम्मेदार विनिर्माण और संसाधनों के कुशल उपयोग के प्रति हमारे संकल्प को दर्शाती है. हमारा उद्देश्य केवल उच्च गुणवत्ता वाला इस्पात बनाना नहीं, बल्कि पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ समाधान देना है जो देश के हरित विकास में योगदान दें.

