Bokaro: मुहर्रम के अवसर पर गोमिया प्रखंड अंतर्गत साडम पूर्वी के चनदुबोर में अखाड़ा का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद पहुंचे. मंत्री सह गोमिया विधायक के पहुंचने पर मुहर्रम कमेटी, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पुष्पमाला, शॉल तथा ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया. मंच से संबोधित करते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुहर्रम कमेटी और पंचायतवासियों को बधाई दी. कहा कि हजरत इमाम हुसैन की शहादत को नमन करते हैं. मुहर्रम केवल एक धार्मिक अवसर नहीं, बल्कि सत्य, न्याय और इंसानियत के लिए दी गई सर्वोच्च कुर्बानी का प्रतीक है.
कर्बला की कुर्बानी अन्याय के खिलाफ लड़ने की देती है प्रेरणा- मंत्री
मंत्री ने कहा कि कर्बला की कुर्बानी अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देती है. हजरत इमाम हुसैन कर्बला में यजीद की तानाशाही के आगे नहीं झुके. सत्य और न्याय के मार्ग पर चलते हुए अपने परिवार सहित शहादत दी. कहा कि कर्बला का संदेश हमें सिखाता है कि जीवन में चाहे कितनी भी कठिन परिस्थितियां आएं, सत्य का साथ कभी नहीं छोड़ना चाहिए. अन्याय के विरुद्ध साहस के साथ खड़ा रहना चाहिए. आज के समय में भी समाज को भ्रष्टाचार, नशाखोरी और असमानता जैसी बुराइयों के खिलाफ उसी जज्बे के साथ संघर्ष करने की आवश्यकता है.

यह भी पढ़ें: बोकारो: मोहर्रम पर अखाड़ों का शानदार प्रदर्शन, हजारों की भीड़ उमड़ी


