Dhanbad: गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर-साहिबगंज रोड पर मुहर्रम के दिन दर्दनाक सड़क हादसा में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. ‘अपना नर्सिंग होम’ के समीप तेज रफ्तार दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं, टक्कर मारने वाला बाइक सवार दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: झुंड से बिछड़े टस्कर हाथी का आतंक, घरों में घुसकर धान-चावल गटक रहा, चांडिल वन कार्यालय पहुंचे ग्रामीण

अस्पताल के समीप हुआ हादसा, लेकिन बच नहीं सका युवक
मृतक की पहचान पथुरिया निवासी रियाज अंसारी के पुत्र शाहबाज अंसारी के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइकों के बीच की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शाहबाज को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मुहर्रम त्योहार के दिन हुई इस घटना से युवक के परिवार और पूरे इलाके में मातम पसर गया.
सीसीटीवी में घटना कैद, जांच में जुटी पुलिस
घटना के तुरंत बाद आरोपी बाइक चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से भागने में सफल रहा. हालांकि, यह पूरी दुर्घटना पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज ज्यादा स्पष्ट नहीं होने के कारण आरोपी चालक की पहचान करने में मुश्किलें आ रही हैं.

थाना प्रभारी ने क्या कहा?
“पुलिस ने घटनास्थल के पास से सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है. फुटेज के आधार पर फरार चालक और उसकी बाइक की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है. मामले की गहनता से जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”


