Bokaro: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 13 जून (शनिवार) एवं 14 जून (रविवार) को विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा. इस दौरान संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) दोपहर 12 बजे से शाम 04 बजे तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं की मैपिंग का कार्य करेंगे.
आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अपनी मैपिंग सुनिश्चित कर सकते हैं
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने जिले के अनमैप्ड मतदाताओं से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने निकटतम मतदान केंद्र पहुंचकर मैपिंग की प्रक्रिया में भाग लें. उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, रांची, झारखंड के निर्देशानुसार सभी बीएलओ को उनके संबंधित मतदान केंद्रों की अनमैप्ड मतदाताओं की सूची उपलब्ध करा दी गई है. यह सूची विशेष कैंप के दौरान संबंधित मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी. मतदाता सूची में जिन मतदाताओं की मैपिंग अभी तक नहीं हो सकी है, वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर सूची में अपना नाम जांच सकते हैं तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर अपनी मैपिंग सुनिश्चित कर सकते हैं, ताकि एसआईआर के समय किसी तरह की कोई परेशानी हो.

एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं पारदर्शी बनाना
डीईओ सह डीसी ने कहा कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं पारदर्शी बनाना है. इसके लिए मतदाताओं के विवरण का सत्यापन एवं मैपिंग का कार्य किया जा रहा है. उन्होंने सभी अनमैप्ड मतदाताओं से विशेष रूप से अपील की कि वे 13 एवं 14 जून को आयोजित विशेष कैंप का लाभ उठाएं और अपनी मैपिंग अवश्य कराएं. जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी इस संबंध में जागरूक करने तथा अधिक से अधिक संख्या में विशेष कैंप में भाग लेने की अपील की है.
AlsoRead:गुमला जिले के 12 शैडो एरिया में नहीं है मोबाइल नेटवर्क, उपायुक्त ने आवश्यक कार्रवाई का दिया निर्देश
