Giridih: गिरिडीह शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं. गुरुवार को शहर के व्यस्त इलाके मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक मछली कारोबारी से पिस्टल के बल पर ₹2.07 लाख लूट लिए. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
मछली मंडी से लौट रहे कारोबारी को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, बोडो निवासी मछली कारोबारी आफताब रैन रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे मछली मंडी से कारोबार समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने उनका रास्ता रोक लिया.
पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी
पीड़ित आफताब रैन के मुताबिक, बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए रुपयों से भरा बैग छीन लिया. बैग में दिनभर की बिक्री के करीब ₹2.07 लाख नकद रखे थे. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी पचंबा की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का किया दावा
पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी भी की जा रही है. उन्होंने कहा कि लूटकांड में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ALSO READ: मेला में महिला का पर्स चोरी करते रंगेहाथ युवक पकड़ाया, पुलिस ने भेजा जेल
