Gumla: विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर जिला समाज कल्याण विभाग के “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” कार्यक्रम के अंतर्गत “चुप्पी तोड़ो स्वस्थ रहो” कैंपेन की विधिवत शुरुआत आज गुमला सदर प्रखंड कार्यालय के सभागार में की गई. इसका शुभारंभ बाल विकास परियोजना पदाधिकारी गुमला सदर द्वारा किया गया. मौके पर महिला पर्यवेक्षिका, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन संस्था के प्रतिनिधि भी मौजूद थे.

महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य व स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी गुमला सदर ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से राज्य के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में काफी काम हो रहा है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार लगातार इस तरह के कार्यक्रम करा कर लोगों को जागरूक कर रही है. साथ ही बताया गया कि माहवारी की शुरुआत में किशोरियों की स्वच्छता और स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है.
उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता और महिला सम्मान को समाज के सामने खुलकर रखने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ. आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि झारखंड में इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसने महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को खुलकर समाज के बीच रखने का संदेश दिया.

ALSO READ: शिक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपियों की बेल पर 6 जून को अगली सुनवाई
“माहवारी शर्म नहीं, एक प्राकृतिक प्रक्रिया”
कार्यक्रम के माध्यम से यह बताया गया कि माहवारी कोई शर्म या छुपाने की चीज नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन का एक सामान्य, प्राकृतिक और महत्वपूर्ण हिस्सा है. मौके पर प्रखंड के सभी महिला पर्यवेक्षिका, आंगनवाड़ी सेविका और बड़ी संख्या में किशोरियां उपस्थित थीं.



