Ranchi: केंद्र सरकार ने विस्फोटकों और अमोनियम नाइट्रेट के लेन-देन, आवाजाही और उनके अंतिम उपयोग की कड़ी निगरानी की तैयारी में जुट गई है. इसी क्रम में आज यानि मंगलवार को केंद्र सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय (DPIIT) द्वारा एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में झारखंड के सभी जिले के डीसी और एसपी शामिल होंगे. झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह बैठक दोपहर 03:30 बजे से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जा रही है. इसकी अध्यक्षता संयुक्त सचिव (विस्फोटक) करेंगे.
विस्फोटकों के लेन-देन की निगरानी के लिए एक एसओपी तैयार किया गया है
अमोनियम नाइट्रेट और पटाखों के अलावा अन्य विस्फोटकों के लेन-देन की निगरानी के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की गई है. इसके प्रभावी कार्यान्वयन पर चर्चा होगी. केंद्र ने सभी राज्यों से जल्द से जल्द ‘नोडल अधिकारियों को नामित करने को कहा है. ये अधिकारी क्षेत्र स्तर पर समन्वय, गतिविधियों की निगरानी और परिचालन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिम्मेदार होंगे. इस एसओपी को सभी जिला के डीसी और एसपी के बीच प्रसारित किया जाना है ताकि जिला स्तर पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जा सके.

Read Also: बुंडू: मामूली विवाद बना मौत की वजह, स्कूल बस चालक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में मातम
