ब्रेकिंग न्यूज़

चतरा: माओवादियों ने चिपकाया धमकी भरा पोस्टर, NIA केस के आरोपी को घर छोड़ने का अल्टीमेटम

चतरा: जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में एक बार फिर माओवादी गतिविधियों की आहट देखने को मिली है. गेंदरा गांव में बुधवार देर रात प्रतिबंधित माओवादी संगठन की दक्षिणी जोनल कमेटी के नाम से चिपकाए गए एक धमकी भरे पोस्टर ने पुलिस सुरक्षा के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह पोस्टर NIA के पूर्व आरोपी श्याम भोक्ता के घर पर चिपकाया गया है, जिसमें उसे सीधा अल्टीमेटम देते हुए गांव छोड़ने या मौत के लिए तैयार रहने की धमकी दी गई है. 

28 दिसंबर के हत्याकांड को बताया ‘शहीद का बलिदान’

बीते 29 दिसंबर 2025 की रात गेंदरा गांव गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा था. उस रात लावालौंग निवासी देवेंद्र गंझू और चुरामन गंझू अपने सहयोगियों के साथ श्याम भोक्ता पर हमला करने पहुंचे थे. हालांकि ग्रामीणों के जवाबी प्रतिरोध में हमलावर देवेंद्र और चुरामन मौके पर ही मारे गए थे. अब माओवादियों ने अपने नए पोस्टर में इन दोनों मृतकों को अपना ‘शहीद’ बताते हुए लाल सलाम किया है. पोस्टर में लिखा गया है कि श्याम भोक्ता पुलिस का दलाल है और वह पिछली बार तो बच गया, लेकिन अगली बार उसे बख्शा नहीं जाएगा.

परिवार में दहशत, पुलिस कार्रवाई पर सवाल

इस घटना के बाद श्याम भोक्ता का परिवार दहशत में है. श्याम की पत्नी और परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने पूर्व की घटना को महज जमीन विवाद और डकैती का रूप देकर खानापूर्ति कर दी थी.
श्याम भोक्ता के बड़े भाई सुरेंद्र कुमार गंझू के अनुसार, पुलिस ने केवल एक आरोपी मोहन कुमार को जेल भेजकर कार्रवाई पूरी मान ली, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अब भी बाहर हैं और माओवादियों के नाम पर परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं.