ब्रेकिंग न्यूज़

मतदाता सूची में गड़बड़ी पर परिषद की आपत्ति, चुनाव आयोग को सौंपा ज्ञापन

रांची: नगर निगम चुनाव से पहले मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर अस्तित्व अखिल भारतीय बांग्ला भाषी समन्वय परिषद ने आवाज उठाई है। परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य निर्वाचन पदाधिकारी/चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक सुधार की मांग की है. परिषद का कहना है कि नगर निगम के कई वार्डों में बिना किसी आधिकारिक परिसीमन बदलाव के बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम उनके सही वार्ड की जगह दूसरे वार्ड में दर्ज हो गए हैं. इससे लोग अपने ही वार्ड के पार्षद को वोट देने के अधिकार से वंचित हो रहे हैं.

क्या कहना है परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष का 

परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष अभिजीत दत्ता गुप्ता ने कहा कि मतदान करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है. यदि किसी व्यक्ति का नाम गलत वार्ड में दर्ज है, तो यह गंभीर प्रशासनिक लापरवाही है और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है. उन्होंने स्पष्ट किया कि परिषद किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि आम लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए यह मुद्दा उठा रही है.

परिषद ने चुनाव आयोग से निम्न मांगें की हैं

- मतदाता सूची का तत्काल पुनरीक्षण कर सुधार किया जाए.
- जिन मतदाताओं के नाम गलत वार्ड में दर्ज हैं, उन्हें उनके सही वार्ड में स्थानांतरित किया जाए.
- प्रत्येक वार्ड की सीमा मानचित्र सहित सार्वजनिक की जाए.
- मतदान से पहले सभी आवश्यक सुधार पूरे किए जाएं.
- यदि समय पर सुधार संभव न हो, तो निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रक्रिया स्थगित की जाए.