रांची: विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के तीसरे दिन सीएम हेमंत सोरेन ने सदन में विपक्ष को निशाने पर रखा. कहा कि इच्छाएं अनंत हैं. जरूरतें भी अनंत हैं. सरकार पर भरोसा रखिए, आपकी चिंताएं जरूर दूर होंगी. विपक्ष की कम मौजूदगी पर तंज कसते हुए कहा कि भले ही विपक्ष के गिने-चुने लोग सदन में मौजूद हैं. इससे भी खराब स्थिति न हो, इसकी भी तैयारी इन्होंने कर ली है. ऐसा पहली बार हुआ है कि राज्यपाल के अभिभाषण पर कोई संशोधन नहीं आया.
ये अंदर ही अंदर सरकार की उपलब्धियों को मानने लगे हैं. इनके साथ रहते-रहते बहुत कुछ सीख लिया है. सारी बातें राज्य की जनता के सामने हैं. पहले हम दूसरे राज्यों के काम की सराहना करते थे और उसे अपनाते थे, अब झारखंड के काम की नकल दूसरे राज्य कर रहे हैं. विपक्ष से कहा कि पेड़ लगाएंगे बबूल का तो आम कहां मिलेगा. बबूल का पेड़ लगाने का काम विपक्ष ने ही किया था. आज सभी वर्ग के लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है.

जल्द धाराशायी होंगी डबल इंजन की सरकारें
सीएम ने कहा कि जहां-जहां डबल इंजन की सरकारें हैं, वे जल्द गिरेंगी. कई चुनौतियों के बावजूद हमने संविधान, परंपरा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की है. नीयत साफ हो और संकल्प मजबूत हो तो सीमित संसाधनों में भी सरकार बहुत काम कर सकती है. जो गहरी लकीर खींच दी गई है, उसे मिटाना विपक्ष के बस की बात नहीं. अभिभाषण में सच्चाई लिखी गई है. 2050 तक झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाएगा.
आज फर्जी AI समिट हो रहा है
सीएम ने कहा कि आज फर्जी एआई समिट हो रहा है. चीन के सामान को अपना बताकर बेचा जा रहा है. देश और राज्य का विकास जमीन पर होता है. झारखंड सरकार गांव से चलने वाली सरकार है. आज पूरा देश कर्ज में डूबा हुआ है. दूसरे देशों के हाथों गिरवी रखा जा रहा है. बाहर से अनाज आएगा तो किसानों का क्या होगा. फिर से किसानों की आत्महत्या की स्थिति पैदा हो जाएगी.
देश के 80 फीसदी रोज कमाने-खाने वाले लोगों की क्या हालत होगी. वे बच पाएंगे या नहीं. आज जो आवाज उठाता है, उसे देशद्रोही कहा जाता है. विश्व आर्थिक मंच में अमेरिका के राष्ट्रपति का भी होर्डिंग लगाकर विरोध किया गया, तो क्या उन्हें देशद्रोही कहा गया. आज देश के अंदर अजनबी जैसा माहौल है. मणिपुर का हाल सभी देख रहे हैं.
हिंदू-मुस्लिम के बीच जहर का समंदर बना दिया
भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आज उन्होंने हिंदू-मुस्लिम के बीच जहर का समंदर बना दिया है. इंसानियत को तार-तार कर दिया है. विपक्ष के लोगों में सुनने का भी धैर्य नहीं है. दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष को बोलने से रोका जाता है.
सरकार के कामों से घबराया हुआ है विपक्ष
सीएम ने कहा कि सरकार के कामों से विपक्ष घबराया हुआ है. वैश्विक मंच का असर दिखने लगेगा तो उनकी घबराहट कहीं हार्ट अटैक में न बदल जाए, इसकी चिंता है.
आज राज्य को अग्रणी राज्यों में कैसे लाया जाए, यह एक बड़ी चुनौती है. केंद्र के साथ झारखंड का रिश्ता सब खुलकर देख रहे हैं. इच्छा शक्ति और मजबूत संकल्प हो तो हर असंभव काम भी संभव हो सकता है.
