बोकारो: करंट की चपेट में आने से भैंस की मौत, अवैध बिजली कनेक्शन पर उठे सवाल

Bokaro: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल स्थित कोनार नदी के लोहा पुल के समीप अवैध बिजली कनेक्शन के करंट की चपेट में...

Bokaro: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल स्थित कोनार नदी के लोहा पुल के समीप अवैध बिजली कनेक्शन के करंट की चपेट में आने से एक भैंस की दर्दनाक मौत सोमवार को हो गई.

इस हादसे के बाद पीड़ित पशुपालक परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जिसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में डीवीसी बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है और उन्होंने इस पूरी घटना के लिए सीधे तौर पर विभाग की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है.

झूल रहा था बिजली का तार

सिक्स यूनिट पंच मंदिर के समीप रहने वाले खटाल संचालक ओम प्रकाश यादव एवं अन्य ग्रामीणों के अनुसार, पंच मंदिर मोड़ के समीप से अवैध रूप से डीवीसी का बिजली कनेक्शन गैरमजरुआ गांव ले जाया गया था. उक्त कनेक्शन का तार पिछले कई दिनों से बेहद खतरनाक तरीके से नीचे झुका हुआ था और लगभग जमीन के संपर्क में आ रहा था. इसके बावजूद उसे दुरुस्त करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया.

Also Read: धनबाद स्टेशन पर रेस्क्यू ऑपरेशन: वास्कोडिगामा एक्सप्रेस से बाल तस्करी का भंडाफोड़, 3 नाबालिग बच्चे सुरक्षित मुक्त

चरने गई भैंस करंट की चपेट में आई

प्रत्येक दिन की तरह जब पशुपालक अपनी भैंस को चराने के लिए उस इलाके की ओर लेकर पहुंचे, तभी जमीन और झाड़ियों में फैल रहे करंट (अर्थिंग) की चपेट में आने से भैंस की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई.

जर्जर तारों की मरम्मत की मांग

हादसे के बाद मौके पर आसपास के दर्जनों लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने बताया कि पूरे क्षेत्र में कई जगहों पर इसी तरह बिजली के जर्जर और क्षतिग्रस्त तार लटक रहे हैं, जो हर वक्त किसी बड़े हादसे को दावत दे रहे हैं.

स्थानीय लोगों ने डीवीसी बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों एवं अवैध कनेक्शनधारी से मांग की है कि पीड़ित पशुपालक को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए और भविष्य में किसी मानवीय या अन्य अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र के तमाम लटकते व जर्जर तारों की अविलंब मरम्मत कराई जाए.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *