Ranchi: शहर के विकास को नई रफ्तार देने के लिए आज रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया. महापौर रौशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने एक साथ चार महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास किया. ये योजनाएं न सिर्फ शहर की तस्वीर बदलेंगी, बल्कि आम लोगों के जीवन को भी आसान बनाएंगी.
बूटी मोड़ में बनेगा आधुनिक आश्रय गृह
शहर के जरूरतमंदों के लिए बूटी मोड़ में 1.13 करोड़ रुपये की लागत से G+2 आश्रय गृह बनाया जाएगा. इसमें 50 बेड की सुविधा के साथ किचन, डाइनिंग, वॉशरूम, CCTV और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं होंगी. यह सुविधा खासकर बेघर और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी.
मोराबादी में वेंडर्स को मिलेगा अपना ठिकाना
रजिस्ट्री ऑफिस, मोराबादी के पास 3.25 करोड़ रुपये की लागत से वेंडिंग जोन बनाया जाएगा. यहां 176 दुकानदारों के लिए व्यवस्थित जगह होगी. पाथवे, ड्रेनेज, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और गार्ड रूम जैसी सुविधाएं इसे आधुनिक बाजार का रूप देंगी. इससे फुटपाथ व्यापारियों को सम्मानजनक रोजगार मिलेगा.
कुसुम बिहार में बनेगी हाईटेक लाइब्रेरी
शहर के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है. 2.31 करोड़ रुपये की लागत से दो मंजिला लाइब्रेरी का निर्माण होगा, जिसमें 300 छात्रों के बैठने की क्षमता वाला रीडिंग हॉल, ग्रुप डिस्कशन रूम और आधुनिक सुविधाएं होंगी। यह शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएगा.
PHED कॉलोनी में बनेगा सुरक्षित पाथवे
मेडिका चौक से NABARD ऑफिस तक (PHED तालाब होते हुए RTC स्कूल के पास) करीब 1.06 करोड़ रुपये की लागत से पाथवे बनाया जाएगा. इससे लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी.
महापौर रौशनी खलखो ने कहा कि ये योजनाएं शहरवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएंगी. वहीं उप महापौर नीरज कुमार ने भरोसा दिलाया कि रांची को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए निगम लगातार काम कर रहा है.
यह भी पढ़ें: यह चुनाव हम नहीं लड़ रहे, खुद यहां की जनता लड़ रही : प्रधानमंत्री
