Ranchi: रांची नगर निगम क्षेत्र में जनगणना 2027 के पहले चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” का काम तेजी से चल रहा है. यह अभियान 16 मई से 14 जून 2026 तक चलाया जा रहा है. भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद निगम के प्रगणक, पर्यवेक्षक और कर्मचारी घर-घर जाकर पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ यह राष्ट्रीय कार्य कर रहे है.
जनगणना सिर्फ आंकड़ों का खेल नहीं: नगर निगम
नगर निगम ने साफ कहा है कि जनगणना सिर्फ आंकड़ों का खेल नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के बंटवारे और नागरिक सुविधाओं की नींव है। सही जानकारी के आधार पर ही सरकार भविष्य की नीतियां और योजनाएं तय करती है.

नगर निगम ने जनगणना कर्मियों की सराहना
हालांकि, सर्वे के दौरान कई इलाकों में लोग जानकारी देने से बच रहे हैं और जनगणना कर्मियों को सहयोग नहीं मिल रहा है. निगम ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रगणक और पर्यवेक्षक अधिकृत हैं तथा वे परिचय पत्र और नियुक्ति पत्र के साथ ही घरों तक पहुंच रहे है. रांची नगर निगम ने जनगणना कर्मियों की मेहनत और सेवा भावना की सराहना करते हुए आम लोगों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में पूरा सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान सफल हो सके.
ALSO READ: सरायकेला: “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान के तहत माहवारी स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
