Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के कोटूवां गांव की 7 वर्षीय शिवांगी हेम्ब्रम शनिवार सुबह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई. बच्ची के अचानक गायब होने से परिवार और पूरे गांव में हड़कंप मच गया. परिजनों एवं ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. शनिवार दोपहर करीब 11 बजे कराईकेला थाना क्षेत्र के बैंगटांगर गांव निवासी जेना होनहागा ने बच्ची को गांव के समीप रोते हुए देखा. उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए बच्ची को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा. क्षेत्र में नेटवर्क नहीं होने के कारण वे पूरे दिन किसी को इसकी सूचना नहीं दे सके. शनिवार रात करीब 10 बजे नेटवर्क उपलब्ध होने पर जेना होनहागा ने मुखिया कुश पूर्ति सहित अन्य लोगों को सूचना दी. इसके बाद मुखिया ने सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से बच्ची की जानकारी साझा की. रविवार सुबह सूचना मिलने पर शिवांगी के परिजन बैंगटांगर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ कराईकेला थाना पहुंचे. वहां थाना प्रभारी प्यारे हसन की मौजूदगी में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
यह भी पढ़ें: सीएम हेमंत सोरेन खुद कार ड्राइव कर पत्नी कल्पना सोरेन संग पहुंचे जोन्हा फॉल, ग्रामीणों से की मुलाकात

ग्रामीणों के अनुसार, बाइक से बच्ची के अपहरण की कोशिश की गई
ग्रामीणों के अनुसार, आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मोटरसाइकिल से बच्ची के अपहरण का प्रयास किया. बताया जा रहा है कि बच्ची के लगातार रोने पर उसे बैंगटांगर के समीप छोड़कर आरोपी फरार हो गया. कोटूवां से बैंगटांगर की दूरी लगभग 12 किलोमीटर है और बच्ची इस क्षेत्र से पूरी तरह अनजान थी. ऐसे में ग्रामीणों का मानना है कि वह इतनी दूरी अकेले पैदल तय नहीं कर सकती. फिलहाल बच्ची सदमे में होने के कारण घटना के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता पा रही है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. घटना के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर सच्चाई सामने लाने का प्रयास कर रही है.
यह भी पढ़ें: हेमंत सरकार बच्चों के भविष्य से कर रही खिलवाड़, 50 हजार शिक्षक पद तुरंत भरे जाएं: राफिया नाज


