Ranchi: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को एक अलग ही अंदाज में नजर आए. व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर सीएम हेमंत सोरेन खुद कार ड्राइव कर राजधानी रांची के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल पहुंचे. इस दौरान उनके साथ गांडेय विधानसभा क्षेत्र की विधायक और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं. मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर वहां मौजूद पर्यटक और स्थानीय ग्रामीण हैरान भी हुए और बेहद खुश भी नजर आए.

प्राकृतिक सौंदर्य का लिया आनंद, ग्रामीणों का जाना हाल-चाल:
जोन्हा फॉल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने वहां के अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठाया. उन्होंने गिरते हुए झरने और चारों ओर फैली हरियाली के बीच कुछ पल बिताए. इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों से बहुत ही आत्मीयता के साथ मुलाकात की. सीएम ने ग्रामीणों के पास जाकर उनका कुशलक्षेम पूछा, उनकी समस्याओं को समझा और क्षेत्र के विकास को लेकर बातचीत की.


जंगल जीवन हैं, झरने संगीत हैं:
इस यात्रा के दौरान झारखंड की अद्वितीय छटा से अभिभूत होकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की प्राकृतिक संप्रदा की सराहना की उन्होंने कहा जंगल जीवन हैं, झरने संगीत हैं, और हरियाली की गोद में बसता हमारा झारखंड अद्वितीय है. राज्य की यह प्राकृतिक सुंदरता ही हमारी असली पहचान और ताकत है.

पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर:
सीएम सोरेन ने इस दौरान संकेत दिए कि राज्य सरकार झारखंड के ऐसे प्राकृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के सुंदरीकरण और सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर है. जोन्हा फॉल जैसे स्थलों को और अधिक पर्यटक-अनुकूल बनाया जाएगा ताकि स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिल सके और देश-विदेश से आने वाले लोग झारखंड की इस अलौकिक खूबसूरती का दीदार सुरक्षित माहौल में कर सकें. मुख्यमंत्री का यह सादगी भरा अंदाज और खुद गाड़ी चलाकर जनता के बीच पहुंचना सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा का विषय बना हुआ है.



