Koderma: सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू कॉलोनी में एक किराए के मकान से चोरों द्वारा नकदी और जेवरात की चोरी कर लेने का मामला सामने आया है. इस सबंध में रजौली, बिहार निवासी 60 वर्षीय माला देवी (पति राजकुमार लाल), वर्तमान पता न्यू कॉलोनी (मथुरा प्रसाद के आवास में किरायेदार) ने कोडरमा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
40 हजार रुपये नकद और गहने लेकर चोर फरार
आवेदन के अनुसार, 27 जून की रात करीब एक बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे. इसी दौरान अज्ञात चोर खिड़की की ग्रिल उखाड़कर घर में घुस गए और गोदरेज में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र तथा सोने के कान के झुमके चोरी कर फरार हो गए. चोरी किए गए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई गई है.

सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही पुलिस
माला देवी ने बताया कि उनकी भांजी हॉल में सो रही थी. रात में उसे कुछ आहट सुनाई दी. इसके बाद परिवार के लोग कमरे का दरवाजा खोलकर बाहर निकले, लेकिन तब तक चोर मौके से फरार हो चुके थे. पीड़िता की शिकायत पर कोडरमा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चोरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: 15 दिन से बंद पड़ा सोलर पंप, 50 परिवारों के सामने पेयजल संकट


