Chaibasa : नोवामुंडी प्रखंड के नोवामुंडी बस्ती पंचायत में मुखिया सुनीता सोरेन की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया. बैठक में पंचायत के समग्र विकास पर चर्चा की गयी. स्वास्थ्य, शिक्षा, नशा-मुक्ति, स्वच्छता सहित विभिन्न जनहित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई. साथ ही ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और जनस्वास्थ्य अभियानों के प्रति जागरूक किया गया. ग्राम सभा को संबोधित करते हुए पिरामल फाउंडेशन के गोविंद दास ने ग्रामीणों को स्वास्थय संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने विशेष रूप से फाइलेरिया, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम, बचाव एवं समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर इलाज से इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है. बैठक में पिरामल फाउंडेशन के गोविंद दास, जेएसएलपीएस के प्रतिनिधि, पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
एनबीएस अभियान की दी गयी जानकारी
इस दौरान गोविंद दास ने 1 जुलाई से शुरू होने वाले एनबीएस अभियान की जानकारी दी. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचे और अभियान पूरी तरह सफल हो सके. ग्राम सभा में पंचायत के विकास कार्यों को गति देने, स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव के निर्माण, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी सार्थक चर्चा हुई. बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पंचायत के विकास और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का सामूहिक संकल्प लिया.

ALSO READ : मेकॉन टेंडर घोटाला : पूर्व वरिष्ठ प्रबंधक उपेंद्र नाथ मंडल की जमानत याचिका HC से खारिज


