Simdega : सिमडेगा – रांची मुख्य सड़क (एनएच-143) पर फिकपानी के समीप शनिवार की सुबह एक ही स्थान पर चार मालवाहक ट्रकों के खराब हो जाने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. तीखे मोड़ के पास ट्रकों के खड़े हो जाने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन घंटों जाम में फंसे है. जाम के कारण यात्रियों, स्थानीय लोगों और मालवाहक वाहनों के चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र खराब वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराने की मांग की है.
वैकल्पिक मार्ग से हो रहा छोटे वाहनों का आवागमन
लोगों का कहना है कि गहरा नाला घाटी क्षेत्र और फिकपानी के आसपास ब्रेकडाउन और सड़क दुर्घटनाओं के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है. इसके चलते इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को आए दिन परेशानी उठानी पड़ती है, लेकिन अब तक इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है. इधर, छोटे वाहनों को सिमडेगा के प्रिंस चौक से वैकल्पिक मार्ग के जरिए कोलेबिरा होते हुए रांची की ओर भेजा जा रहा है. जिससे कुछ हद तक यातायात का दबाव कम किया जा सके.

ALSO READ : मेकॉन टेंडर घोटाला : पूर्व वरिष्ठ प्रबंधक उपेंद्र नाथ मंडल की जमानत याचिका HC से खारिज


