Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत मंझगांव प्रखंड क्षेत्र के विधायक नीरल पूर्ति एवं उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा संयुक्त रूप से भ्रमण कर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का निरीक्षण किया गया. भ्रमण के दौरान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, ग्रामीण आवास योजना तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित आजीविका गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
विधायक एवं उपायुक्त ने गुड़गांव स्थित मंझगांव वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का किया निरीक्षण
भ्रमण के क्रम में विधायक एवं उपायुक्त ने गुड़गांव स्थित मंझगांव वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान प्लांट की वर्तमान स्थिति, तकनीकी आवश्यकताओं तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई. साथ ही पदाधिकारियों को प्लांट को शीघ्र संचालित करने हेतु आवश्यक सभी तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को नियमित अनुश्रवण करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि स्थानीय ग्रामीणों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके.

पीएम आवास योजना की लाभुक के घर पहुंचे विधायक व उपायुक्त
इसके उपरांत विधायक एवं उपायुक्त बलियापोसी पंचायत अंतर्गत कुम्हार टोली पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवास की लाभुक सोमबारी हेस्सा के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होकर लाभुक को गृह प्रवेश उपरांत प्रेशर कुकर प्रदान किया. इस अवसर पर लाभुक परिवार को नए आवास में प्रवेश की शुभकामनाएं देते हुए विधायक ने कहा, कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है. वहीं उपायुक्त ने कहा कि जिले में पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन सतत प्रयासरत है. उन्होंने लाभुक परिवार से योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित फीडबैक भी प्राप्त किया तथा अन्य आवश्यक सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए.
आम बिक्री केंद्र का उद्घाटन
भ्रमण के अंतिम चरण में विधायक एवं उपायुक्त ने मंझगांव बाजार में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के माध्यम से संचालित आम बिक्री केंद्र का उद्घाटन किया. इस अवसर पर महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय स्तर पर उत्पादित एवं संकलित आमों के विपणन की व्यवस्था का अवलोकन किया गया. पदाधिकारियों ने बताया कि इस बिक्री केंद्र के माध्यम से ग्रामीण उत्पादकों एवं महिला समूहों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.
उद्घाटन अवसर पर विधायक नीरल पूर्ति ने कहा, कि महिला स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. ऐसे बिक्री केंद्रों से समूहों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा. वहीं, उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन महिलाओं की आजीविका संवर्धन एवं ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है तथा जेएसएलपीएस के माध्यम से विभिन्न उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
ये रहे मौके पर उपस्थित
भ्रमण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, जेएसएलपीएस के कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे. जिला प्रशासन द्वारा क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके.
यह भी पढ़ें: आईजी ऑफिस का स्टाफ बताकर कारोबारी से मांगा पैसा, सीआईडी से शिकायत के बाद आरोपियों की खोज शुरू


