Chaibasa: झारखंड ड्राइवर महासंघ की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जगन्नाथपुर स्थित मोगरा मैदान के समीप आयोजित की गई. बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए वाहन चालकों एवं महासंघ के पदाधिकारियों ने भाग लिया. मौके पर सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा वाहन संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपकर सड़क परिवहन व्यवस्था में सुधार तथा यातायात नियमों के सख्त अनुपालन की मांग की जाएगी. महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर प्रशासन द्वारा ठोस पहल नहीं की गई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होगा. बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा नियमित रूप से वाहन चालकों की अल्कोहल जांच कराई जानी चाहिए. नशे की हालत में वाहन चलाना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ यात्रियों और आम नागरिकों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है. महासंघ ने बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन संचालन पर सख्ती से रोक लगाने की मांग उठाई. संगठन का कहना था कि केवल लाइसेंसधारी चालक ही निर्धारित ड्रेस कोड पहनने के पात्र हों तथा बिना लाइसेंस वाहन चलाने या चालक की वर्दी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.

यह भी पढ़ें: झारखंड कैडर की आईएएस निधि खरे को मिला खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार

नाबालिगों के वाहन चलाने पर लगे रोक
बैठक में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई. सदस्यों ने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के किशोरों द्वारा वाहन संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित होना चाहिए और ऐसे मामलों में अभिभावकों एवं वाहन मालिकों पर भी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए. इसके अलावा वाहन संचालन के लिए आवश्यक परमिट, प्राधिकार पत्र एवं अन्य वैध दस्तावेजों की अनिवार्यता पर जोर देते हुए महासंघ ने कहा कि बिना आवश्यक दस्तावेजों के किसी भी वाहन का संचालन नहीं होने दिया जाना चाहिए. इससे परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी तथा अवैध रूप से वाहन संचालन पर रोक लगेगी. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आम लोगों एवं चालकों को जागरूक करने के लिए महासंघ द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. संगठन ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों और वाहन मालिकों के विरुद्ध संबंधित विभागों से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी. बैठक के अंत में उपस्थित सभी चालकों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया.

यह भी पढ़ें: झारखंड सरकार की बंपर स्कीम: 49,600 का बकरा सेट सिर्फ 4,960 रुपये में! ग्रामीण उठाएं 90% सब्सिडी का फायदा

